1871 के क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट ने बदल दी घुमन्तू समाज की जिंदगी, पांच पीढ़ियों तक झेलना पड़ा विस्थापन और उपेक्षा का दंश
जयपुर। घुमन्तू समाज का भारत के आर्थिक विकास, कला, संस्कृति, चिकित्सा और स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यह समाज कभी आर्थिक रूप से समृद्ध, स्वाभिमानी, धर्मनिष्ठ और प्रतिष्ठित था, लेकिन अंग्रेजों के दमनकारी कानूनों और सामाजिक उपेक्षा के कारण इसकी स्थिति बेहद दयनीय हो गई। आज आवश्यकता है कि घुमन्तू समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सम्मान के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
यह विचार घुमन्तू समाज के उत्थान से जुड़े एक कार्यक्रम में व्यक्त किए गए। वक्ता ने कहा कि वर्ष 1857 की क्रांति में घुमन्तू समाज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। क्रांति असफल होने के बाद अंग्रेजों ने इस समाज को निशाना बनाया और वर्ष 1871 में क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट लागू कर 196 जातियों को अपराधी घोषित कर दिया। इसके बाद समाज को अत्याचार और दमन का सामना करना पड़ा। गांवों और शहरों से दूर जंगलों तथा पहाड़ों में जीवन बिताने के लिए मजबूर होना पड़ा। वर्ष 1947 तक इस समाज की पांच पीढ़ियां शिक्षा, रोजगार और सामाजिक संपर्क से दूर रहकर जीवन गुजार चुकी थीं।
वक्ता ने कहा कि अंग्रेजों द्वारा बनाया गया अपराधी होने का नजरिया आजादी के बाद भी समाज में बना रहा। यही कारण है कि घुमन्तू समाज आज भी फुटपाथों, नालों के किनारे और झुग्गी-बस्तियों में अभावग्रस्त जीवन जीने को मजबूर है। इसके बावजूद समाज ने अपनी सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को बनाए रखा, जो उसकी असाधारण जीवटता का प्रमाण है।
कागजात के अभाव में सरकारी योजनाओं से वंचित
उन्होंने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में घुमन्तू परिवार आधार कार्ड, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र और मतदाता सूची में नाम जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। दस्तावेजों के अभाव में उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता। समाज को आगे आकर इन परिवारों के दस्तावेज बनवाने में सहयोग करना होगा। प्रशासन को भी संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए सरल प्रक्रियाएं तैयार करनी चाहिए, ताकि पात्र लोगों को उनका अधिकार मिल सके।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं बस्ती तक पहुंचाने की पहल
घुमन्तू जाति उत्थान न्यास के कार्यों का उल्लेख करते हुए वक्ता ने बताया कि संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के कार्यों को सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वंचित वर्ग तक शिक्षा पहुंचाने के लिए स्कूल को विद्यार्थी के पास जाना होगा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चिकित्सालय को मरीज तक पहुंचना होगा।
उन्होंने बताया कि घुमन्तू समाज के बीच चलाए जा रहे सेवा कार्यों के माध्यम से अब तक लगभग तीन लाख लोगों को विभिन्न प्रकार के दस्तावेजों और सुविधाओं का लाभ दिलाया गया है।
राजस्थान में 52 हजार परिवारों को पट्टे
वक्ता ने बताया कि राजस्थान में 52 हजार परिवारों को आवासीय पट्टे दिए गए हैं, जबकि जयपुर में 400 से अधिक परिवारों को मकान उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि यह शुरुआत है, लेकिन इस दिशा में काम की गति और बढ़ाने की आवश्यकता है।
उन्होंने छात्रावास संचालन में सहयोग देने वाली समिति और भामाशाहों का आभार जताते हुए कहा कि छात्रावास और सेवा कार्य समाज के सहयोग से संचालित हो रहे हैं। इसके लिए सरकार से आर्थिक सहायता नहीं ली जा रही है।
घुमन्तू समाज के बच्चों को मिलेगी छात्रवृत्ति
राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका के अध्यक्ष प्रेम भंडारी की पहल की सराहना करते हुए वक्ता ने बताया कि घुमन्तू समाज के बच्चों की शिक्षा के लिए बड़ी धनराशि भेजी गई है। पढ़ने के इच्छुक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को पढ़ाने और युवाओं से नए कौशल सीखकर रोजगार के अवसर हासिल करने का आह्वान किया।
प्रशासन को बदलना होगा अपना नजरिया
वक्ता ने प्रशासन से घुमन्तू समाज के प्रति संवेदनशीलता बरतने की अपील की। उन्होंने कोरोना काल के दौरान जयपुर में बस्तियां हटाने के नाम पर की गई कथित अमानवीय कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन का दायित्व है, लेकिन मानवीय गरिमा और संवेदनशीलता का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने कहा कि घुमन्तू समाज के लोगों को परंपरागत रोजगार के साथ आधुनिक कौशल का प्रशिक्षण देना होगा। बच्चों को शिक्षा, परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाएं और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने होंगे।
अंत में उन्होंने घुमन्तू समाज के लोगों को भरोसा दिलाया कि वे स्वयं को अकेला न समझें। पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि घुमन्तू समाज को केवल सहायता देना ही उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि उसे इतना सक्षम बनाना चाहिए कि भविष्य में वह अपने समाज के कमजोर वर्गों की मदद स्वयं कर सके। यही सामाजिक समरसता और राष्ट्रऋण चुकाने का वास्तविक मार्ग है।
घुमन्तू जाति उत्थान न्यास द्वारा संचालित श्री बाबा रामदेव घुमन्तू छात्रावास का तृतीय वार्षिकोत्सव स्थानीय सी स्कीम स्थित महावीर दिगम्बर जैन स्कूल सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर समारोह की अध्यक्षता चेयरमैन जेईसीआरसी एवं अध्यक्ष श्री अग्रवाल समाज समिति सीए ओपी अग्रवाल ने की, मुख्य अतिथि सांसद जयपुर शहर लोकसभा श्रीमती मंजू शर्मा, विशिष्ठ अतिथि नवनियुक्त महापौर जयपुर नगर निगम, सुनील कोठारी, प्रमुख उद्योगपति एवं समाजसेवी राजेन्द्र कुलवाल रहे। साथ ही समारोह में मुख्य वक्ता के रूप मेें अखिल भारतीय घुमन्तू कार्य प्रमुख माननीय दुर्गादास जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरूआत मंचासिन अतिथियों द्वारा भारत माता एवं बाबा रामदेव के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। छात्रावास, समिति के अध्यक्ष सतीश खुराना, संरक्षक कुंज बिहारी कोयलेवाले, महामंत्री राकेश खण्डेलवाल एवं कार्यक्रम अध्यक्ष ओपी अग्रवाल द्वारा अतिथियों का दुपप्पटा, शॉल उडाकर एवं प्रतिक चिन्ह भेंट कर स्वागत सम्मान किया।
समारोह में छात्रावास के घुमन्तू समुदाय के बालकों ने रंगारंग सांस्कृतिक, देशभक्ति गीतों पर नृत्य की प्रस्तुति से सभी का मनमोह लिया। एक के बाद एक नृत्य की प्रस्तुति, कर्तव्य के प्रति सजग रहने का संदेश दे रही थीं। वहीं लघु नाटिका ‘‘मेरे सपने के टीवी’’ ने एक बारगी उपस्थित अतिथिगण, जनप्रतिनिधी एवं अभिभावकों को भावविभोर कर दिया। छात्रों एवं बालिकाओं की संगीतमय प्रस्तुतियां सभागार में उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति को अपने खुले मन से तालियां बजाने के लिए मजबूर कर रही थी, जिससे घुमन्तू समाज के बच्चों में जोश देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार व्यक्त किया गया।